अधिवक्ताओं के उग्र प्रदर्शन को देखकर पुलिस ने गाड़ियों की आवाजाही को चक्कर होकर डायवर्ट किया। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) प्रभा राजीव और पुलिस के अधिकारी भी प्रदर्शन के दौरान वहां पर मौजूद रहे। जिला बार एसोसिएशन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिवक्ताओं की गाड़ियों को वहां से जाने नहीं दिया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे।
अधिवक्ताओं ने एक बजे बालूगंज थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू किया। इस बीच पुलिस ने व्यवस्था को संभालने के लिए सड़क पर बैरिकेड्स लगा दिए। कुछ देर बाद अधिवक्ता सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। इस बीच सड़क पर दोनों ओर से लंबा जाम लग गया। वकीलों के उग्र प्रदर्शन को देखकर पुलिस ने ओल्ड बस स्टैंड से बालूगंज और एचपीयू जाने वाली बसों को वाया चक्कर होकर रवाना किया।
थाना प्रभारी ने की बदतमीजी : सरकैक
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सरकैक ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में कहा कि बालूगंज थाना प्रभारी ने जिला न्यायालय की तरफ जा रहे वकीलों की गाड़ियों को रोककर उनके साथ बदतमीजी की। एसोसिएशन ने एसपी से एसएचओ के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने इस बारे में किसी भी प्रकार की टिप्पणी से इंकार किया।