अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का मंगलवार को आगाज होगा। चार दिवसीय व्यापारिक एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह करेंगी। मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मेले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के भी पुख्ता प्रबंध कर दिए गए हैं। मंगलवार को कॉलेज मैदान में सुबह करीब 11 बजे प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह मेले का शुभारंभ करेंगी।
मेला कमेटी के सचिव एवं एसडीएम दलीप नेगी ने बताया कि मेले के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 14 नवंबर को मेले के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि शरीक होंगे।
मेले में होंगे रंगारंग कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि मेला कमेटी ने बेहतर आयोजन के साथ-साथ लोगों के मनोरंजन को भी एक से बढ़कर एक कार्यक्रम तय किए गए हैं। रात्रि संध्याओं में स्थानीय स्कूली बच्चे रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
इधर, एसडीपीओ सोमदत्त ने बताया कि मेले में बेहतर कानून व्यवस्था, ट्रैफिक सुचारू रखने को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुराने बस स्टैंड से लेकर लवी मेला मैदान तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
दुकानों से सजा कॉलेज मैदान
मंगलवार से शुरू हो रहे अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के लिए कॉलेज मैदान में दुकानें सज गई हैं। हिमाचल ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों से व्यापारी यहां कारोबार करने पहुंचे हैं। दूसरी ओर ड्राई फ्रूट्स को विख्यात किन्नौरी मार्केट भी मैदान में सज चुकी है।