हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के सांगला-छितकुल संपर्क मार्ग पर बटसेरी के गुनसा के पास पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानों के दरकने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। प्रशासन ने एहतियातन सांगला से छितकुल के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। दोपहर के समय सड़क पर पर्यटकों का वाहन भी पत्थरों की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत रही कि वाहन में बैठे सभी लोग सुरक्षित हैं। क्षेत्र में अभी भी पहाड़ी से चट्टानों के गिरने का खतरा बरकरार है। जानकारी के अनुसार किन्नौर जिले के बटसेरी गुनसा के पास शनिवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे से अचानक पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानें गिरना शुरू हो गई।
बंजार-सैंज हाईवे 305 पर गिरा पेड़
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सांगला राकेश नेगी ने कहा कि अवरुद्ध सड़क को जल्द खोले जाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा हैं। पहाड़ी से लगातार चट्टानों के गिरने से सड़क को बहाल करने में समय लग रहा है। बरसात कुल्लू जिलावासियों के लिए आफत बन गई है। शुक्रवार रात को जिला के कई इलाकों में बारिश होने से भूस्खलन व पेड़ों का गिरना जारी है। औट-बंजार-सैंज हाईवे 305 पेड़ गिरने से करीब चार घंटे तक यातायात के लिए बंद रहा। इस कारण दूध की गाड़ी के साथ निगम की बसें और अन्य छोटे वाहन भी घंटों तक फंसे रहे। कुल्लू आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है।