में चार दिवसीय कला प्रदर्शनी शुरू
तीन हजार से 50 हजार रुपये तक रखी है चित्रों की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में वीरवार को चार दिवसीय माउंटेन सिनेर्जी कला प्रदर्शनी शुरू हुई। इसमें लैंडस्केप और पौराणिक कला के चित्र आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आईएएस आशीष कोहली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर किया। प्रदर्शनी में देशभर के 15 कलाकारों सहित शिमला के स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट रचनाएं प्रदर्शित की हैं जिसके माध्यम से समकालीन, पारंपरिक, अमूर्त और प्राकृतिक दृश्यों को दर्शाया है। प्रदर्शनी में चित्रों के साथ फोटोग्राफ भी प्रदर्शित किए है। इनका मूल्य तीन हजार रुपये से 50 हजार रुपये तक निर्धारित किया है। प्रदर्शनी की क्यूरेटर पारुल भगत ने बताया कि वह लगातार कलाकारों को मान्यता दिलाने और उनके लिए कला प्रदर्शन तथा विक्रय का एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास कर रही हैं। यह प्रयास न केवल कला को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और रचनात्मक पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में दर्शक भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कला का अद्भुत संगम अनुभव कर सकेंगे जो विविध शैलियों, विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रस्तुत करता है। प्रदर्शनी में शिवानी लारजू, पारुल भगत, ज्योत्सना शर्मा, धात्री थांकी, डॉ विकास भाटिया, मीनाक्षी करोल, नीरज कपूर, पूर्णिमा अरोड़ा, राजीव मोदगिल, मीनू शर्मा, सिमरन व्यास, आकाश सागर चौहान, कर्नल एमके बाली और सूर्यांश के बनाए चित्र प्रदर्शित किए हैं।