जमीन धंसने से एनएच सहित भवनों को खतरा।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर टुटू के विजयनगर इलाके में फिर से जमीन धंसने लगी है। इससे शिमला-नालागढ़ नेशनल हाईवे समेत तीन भवनों को खतरा पैदा हो गया है। बीते साल भी यहां जमीन धंसने के कारण निचली ओर स्थित नालागढ़ सड़क के किनारे खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते हफ्ते हुई भारी बारिश के बाद भलूनी निवास के पास फिर से जमीन धंसना शुरू हो गई है। करीब दो फीट तक जमीन धंस चुकी है। इससे कभी भी यहां भूस्खलन हो सकता है।
नगर निगम या जिला प्रशासन ने अभी तक राहतकार्य शुरू नहीं किया है। लोगों ने इसकी सूचना पूर्व पार्षद विवेक शर्मा को दी। मौके पर पहुंचे विवेक शर्मा ने बताया कि नगर निगम को पिछले साल भी यहां भूस्खलन रोकने के लिए प्रस्ताव बनाकर दिया था लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। यदि यहां तिरपाल न लगाया गया तो जमीन कभी भी धंस सकती है। इससे एनएच भी बंद होने का अंदेशा है। कहा कि कई भवन मालिक भी धंसती जमीन से डरे हुए हैं। इनके भवनों की नींव को भी खतरा पैदा हो गया है।
मौके का किया जाएगा निरीक्षण : उमा कौशल
उपमहापौर उमा कौशल ने कहा कि मौके का निरीक्षण किया जाएगा। नगर निगम जो भी राहतकार्य कर सकता है, वह शुरू किया जाएगा। इस मामले की अधिकारियों से भी जानकारी ली जा रही है।