अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में यूनिटी मॉल बनाने के लिए मंगलवार को सब्जी मंडी में नगर निगम की जमीन चिह्नित की गई। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान, शहरी विधायक हरीश जनारथा, आयुक्त भूपेंद्र अत्री, उद्योग विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में नगर निगम की 12 से 15 बीघा जमीन है जिस पर यूनिटी मॉल का निर्माण हो सकता है। यहां कर्मचारियों के पुराने आवास हैं जिन्हें शिफ्ट किया जाएगा। उद्योग विभाग के अधिकारियों को बताया कि इसका प्रस्ताव जल्द केंद्र सरकार को भेजा जाए ताकि बजट जारी हो सके। नगर निगम इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है। यूनिटी मॉल में व्यावसायिक परिसर के अलावा नगर निगम के दफ्तर भी बनाए जाएंगे। यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है जिसके निर्माण पर 100 करोड़ से ज्यादा का खर्च होगा। केंद्र सरकार हर प्रदेश में एक यूनिटी मॉल बनाने के लिए बजट जारी कर रही है।
धर्मशाला के साथ है स्पर्धा
प्रदेश में यूनिटी मॉल कहां बनेगा, इसे लेकर शिमला और धर्मशाला में प्रतिस्पर्धा है। हालांकि मुख्यमंत्री नगर निगम महापौर से शिमला में यूनिटी मॉल के लिए जमीन देखने के लिए कह चुके हैं। इसके बाद ही यहां जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। धर्मशाला नगर निगम ने भी यूनिटी मॉल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे भी सरकार को भेजा है।