नगर निगम क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं के निर्माण कार्य की महापौर ने की समीक्षा, कार्यों को गति देने के निर्देश
विज्ञापन
ऑकलैंड टनल लिफ्ट का कार्य अगले साल होगा पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लक्कड़ बाजार लिफ्ट, फ्यूनिकुलर का कार्य 30 नवंबर तक और ऑकलैंड लिफ्ट का कार्य अगले साल मार्च तक पूरा होगा। यह जानकरी राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार और ऑकलैंड लिफ्ट निर्माण परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा को लेकर बुधवार को हुई बैठक में दी गई।
नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता और डिप्टी मेयर उमा कौशल की मौजूदगी में आरटीडीसी (रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन हिमाचल प्रदेश लिमिटेड) के डीजीएम अमित शर्मा, मैनेजर अजय आनंद और अन्य अधिकारियों के साथ यह बैठक हुई।बैठक में आरटीडीसी के डीजीएम अमित शर्मा ने कहा कि राजधानी शिमला में लक्कड़ बाजार और ऑकलैंड लिफ्ट परियोजनाओं का काम तेजी से किया जा रहा है। लक्कड़ बाजार लिफ्ट का निर्माण कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस अवधि में फ्यूनिकुलर (पहाड़ी की ढलान पर चलने वाली ट्रेन) का ट्रायल भी किया जाएगा।
विज्ञापन
लक्कड़ बाजार में तैयार होने वाले नए परिसर में दिसंबर में बस स्टैंड को शिफ्ट करने की तैयारी भी है। बैठक में दोनों लिफ्ट परियोजनाओं की प्रगति और कार्य की समीक्षा की गई। आरटीडीसी के अधिकारियों ने बताया कि ऑकलैंड टनल लिफ्ट का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसकी प्रगति की अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी।
आरटीडीसी के अधिकारियों ने बताया कि लक्कड़ बाजार में 13 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दो दुकानों का काम जल्द पूरा किया जाएगा। एक व्यक्ति द्वारा दुकान खाली नहीं करने के कारण एक दुकान का निर्माण प्रभावित हो रहा है। यहां कुल 18 दुकानों का निर्माण किया जाना है। वहीं ऑकलैंड लिफ्ट का काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसमें लिफ्ट के साथ ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा। बैठक में मेयर ने दोनों परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और आगामी समय-सीमा को लेकर ब्योरा लिया।