फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में ठंड से झीलें जमीं: इन तीन जिलों में छाया कोहरा, जानिए प्रदेश में 29 नवंबर तक कैसा रहेगा माैसम

Mon, 23 Nov 2026 07:41 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें जमने लगी हैं। तीन स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
किन्नौर का मलिंग नाला जमा, एनएच-5 पर बढ़ा फिसलन का खतरा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें जमने लगी हैं। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों के जलाशयों से सटे कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते कुछ स्थानों पर दृश्यता घटकर महज 50 मीटर तक रह गई। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार को भी कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। खासकर सुबह और देर रात के समय कोहरे का असर अधिक रहने की संभावना है।

विज्ञापन
Trending Videos

 सुबह और शाम ठंड का असर बरकरार
सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और शाम ठंड का असर बरकरार है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के अधिकांश क्षेत्रों में रात का तापमान इन दिनों शून्य से कम चल रहा है। प्रदेश में 29 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.6, कांगड़ा में 26.1, बिलासपुर में 26.0, चंबा में 24.1, मंडी में 23.9, नाहन में 22.5, सोलन में 22.2, शिमला में 19.0, मनाली में 17.0, कल्पा में 15.8 केलांग में 13.7 और ताबो में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

किन्नौर का मलिंग नाला जमा, एनएच-5 पर बढ़ा फिसलन का खतरा
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में तापमान में भारी गिरावट के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नाले जमने शुरू हो गए हैं। पूह उपमंडल में नेशनल हाईवे पांच पर पड़ने वाले मलिंग नाले में भी पानी जमने लगा है। नाले के आसपास से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर भी पानी जमने के कारण सड़क पर बर्फ की परत बन रही है। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
 

विभागों को तैयारियां रखने के निर्देश
उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने सर्दियों में संभावित बर्फबारी और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग-5 के संवेदनशील स्थलों निगुलसरी, नाथपा और मलिंग नाला में पर्याप्त मशीनरी व मजदूर उपलब्ध रखें, ताकि सड़क बंद होने पर तुरंत बहाली का कार्य शुरू किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा खाद्य आपूर्ति विभाग को खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल शक्ति और विद्युत विभाग को पेयजल व बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने को कहा है।
विज्ञापन

कहां कितना न्यूनतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
कुकुमसेरी - 3.0
केलांग - 2.0
ताबो - 1.3
कल्पा 1.8
मनाली 2.6
सेऊबाग 3.0
बजौरा 3.7
सोलन 5.0
चंबा 6.0
मंडी 6.7
कांगड़ा 7.5
शिमला 7.6
ऊना 7.6
नाहन 9.9
धर्मशाला 10.2
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें