लक्कड़ बाजार में निर्माण कार्र्य रुका, रिज मैदान के लिए बनाई जा रही लिफ्ट
क्रॉसर
प्रोजेक्ट की ड्राइंग में करना पड़ सकता है बदलाव
क्रेट वॉल, लोहे के गाडर लगा रोका जा रहा भूस्खलन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से रिज मैदान को जोड़ने के लिए बनाई लिफ्ट और एस्केलेटर की बुनियाद की खुदाई में दलदल निकलने से काम रुक गया है। प्रोजेक्ट पर काम कर रही कंपनी बुनियाद बनाने के लिए तीन मीटर ही खुदाई कर पाई है जबकि अभी दो मीटर खुदाई होना बाकी है।
इतना ही नहीं रिवाली की ओर पहाड़ी से भूस्खलन होना भी शुरू हो गया है। क्रेटवॉल और लोहे के गाडर लगाकर भूस्खलन रोकने केप्रयास किए जा रहे हैं। बुनियाद के लिए जिस जगह खुदाई की है वहां तीन जगहों से पानी निकल रहा है। एक जगह तो पानी का बहाव करीब पौना इंच है। पानी को पंप कर निर्माण स्थल से बाहर निकाल कर प्रोटेक्शन वर्क चलाया जा रहा है।
लक्कड़ बाजार बस स्टैंड शहर के कोल्ड जोन में स्थित है, बर्फबारी होने पर यहां काम ठप होना तय है। ऐसे में निर्माण कर रही कंपनी के लिए बुनियाद तैयार करना चुनौती बन गया है। प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए अब ड्राइंग में बदलाव करने पर विचार हो रहा है। तकनीकी अधिकारी निर्माण स्थल का मुआयना कर चुके हैं।
दलदल से रुका प्रोजेक्ट का काम : शर्मा
प्रोजेक्ट मैनेजर बीआर शर्मा ने कहा कि लिफ्ट की बुनियाद के लिए तीन मीटर खुदाई के बाद दलदल निकले के कारण काम रोकना पड़ा है। फिलहाल प्रोटेक्शन वर्क चल रहा है। बुनियाद में तीन जगहों से पानी निकल रहा है। फिलहाल ड्राइंग में बदलाव कर काम आगे बढ़ाने का विचार है। डिजाइन इंजीनियर जल्द ही इस पर फैसला लेंगे।
11 करोड़ है इस मेगा प्रोजेक्ट की लागत
लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से रिज मैदान को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे इस मेगा प्रोजेक्ट की लागत करीब 11 करोड़ रुपये है। प्रोजेक्ट के तहत शहर का पहला एस्केलेटर स्थापित किया जाना है। मौजूदा समय में आधे शहर के लोगों को लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से रिवाली और तिब्बती मार्केट की चढ़ाई चढ़कर रिज पहुंचना पड़ता है। लक्कड़ बाजार के होटलों में ठहरने वाले सैलानियों के लिए भी चढ़ाई चढ़ना चुनौती पूर्ण रहता है। प्रोजेक्ट के तैयार होने पर लोग आसानी से रिज मैदान पहुंच सकेंगे। प्रोजेक्ट में लक्कड़ बाजार बस स्टैंड का कायाकल्प भी होना है। कवर्ड बस स्टैंड में बसों के लिए नए काउंटर, वेटिंग एरिया, बुकिंग काउंटर बनाए जाने है।