देश भर से सेब खरीदने आ रहे लदानियों को मंडियों के पास होटलों में क्वारंटीन करने का मामला गरमा गया है। प्रदेश की मंडियों के आढ़तियों ने प्रदेश सरकार से मामला उठाया है कि लदानियों को मंडियों के समीप निजी होटलों में क्वारंटीन करने की मंजूरी दी जाए। प्रदेश सरकार सेब खरीदने हिमाचल आ रहे लदानियों को मंडियों के समीप निजी होटलों में क्वारंटीन करने की स्वीकृति प्रदान करती है तो इससे लदानिओं और आढ़तियों को काफी सुविधा होगी। अभी तक लदानियों को मंडियों से दूर क्वारंटीन करने की व्यवस्था की जा रही है।
इससे लदानियों और आढ़तियों को परेशानी हो रही है। मंडियों के पास अच्छे निजी होटल उपलब्ध हैं। इन होटलों में लदानियों को क्वारंटीन करने के लिए कमरे भी बुक किए जा चुके हैं। सरकार और प्रशासन से स्वीकृति मिलने के बाद भी आढ़ती चाहते हुए भी लदानियों को इनमे क्वारंटीन नहीं कर पा रहे। आढ़ती संघ के अध्यक्ष अनूप चौहान ने कहा कि देश भर सेब खरीदने आने वाले लदानियों को मंडियों के समीप निजी होटलों में क्वारंटीन करने को प्रदेश सरकार और प्रशासन तुरंत मंजूरी दे। इन क्वारंटीन किए लदानियों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी निगरानी रखें ताकि किसी भी प्रकार के खतरे से बचा जा सके।