जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ जैसे खतरे से निपटने के लिए पार्वती नदी और घाटी के नालों और खड्डों का तटीकरण होगा। विभाग जल्द डीपीआर तैयार करेगा। जलशक्ति मंत्री ने वीरवार को बादल फटने से बाद आई बाढ़ से प्रभावित चोज का दौरा किया। उन्होंने कहा कि जो डीपीआर बनेगी, उसे नाबार्ड या अन्य किसी बैंक के सहयोग से पूरा किया जाएगा। चोज गांव में उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रभावितों और जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सरकार और प्रशासन की ओर से राहत कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए कि सड़क, बिजली और पानी जैसी आधारभूत सेवाएं बहाल करने के लिए मुस्तैदी से कार्य किया जाए।
सरकार ने राहत कार्य के लिए उचित कदम उठाए हैं। उन्होंने कसोल से मलाणा गांववासियों से वीडियो कॉल के जरिये बात की। कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें मलाणावासियों के बीच पहुंचने के निर्देश दिए थे, लेकिन सड़क खराब होने के चलते वह मलाणा नहीं पहुंच पाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मलाणा तक पहुंचने वाली सड़क को बहाल करने के लिए शीघ्र प्रयास किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पानी की कमी और कसोल बाजार में सीवरेज की समस्या को उठाया। मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उधर, बबेली के पास ब्यास नदी में गिरी कार से लापता व्यक्ति का शव घटना से चार किलोमीटर दूर गेमन पुल के पास मिला है। हालांकि पुलिस की टीम ने सुबह से ही उफनती ब्यास में तलाशी अभियान शुरू कर रखा था, मगर इस दौरान वीरवार सुबह करीब 11:00 बजे के आसपास पुलिस को सूचना मिली कि गेमन पुल के पास ब्यास किनारे एक शव दिख रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पहचान के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू आया गया, जहां उसकी पहचान केवल कृष्ण (43) प्रेम सिंह निवासी गांव दंरग थाना पधर जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कर याव परिजनों को सौंपदिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, बादल फटने के बाद चोज नाले में आई बाढ़ में लापता चारों लोगों का पता नहीं चल सका है। वीरवार को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम पार्वती नदी और चोज नाले के संगम स्थल के किनारे करीब 250 मीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई भी सुराग नहीं मिला है। जबकि एनडीआरएफ की टीम वापस लौट गई है। वहीं लापता लोगों के परिजन भी चोज पहुंचे और अपने जिगर के टुकड़े की तलाश में जुट गए। घटना स्थल का मंजर देखकर परिजन भी दंग रह गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि तलाशी अभियान जारी है, लेकिन अभी तक कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि कुछ लापता लोगों के परिजन भी कुल्लू पहुंच गए हैं।