प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने हिमाचल पर दिनोंदिन बढ़ते कर्जों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय कुप्रबंधन से प्रदेश कर्जे में डूब रहा है। सरकार अपने खर्चों में कटौती करे या फिर केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज दिलाए। राठौर ने सरकार से खर्चों पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग भी की।
साथ ही कहा कि बागवानों को हुए फसली नुकसान का जायजा लेकर तुरंत राहत दी जाए। राठौर ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के भत्तों की अदायगी के नाम पर हर माह कर्ज ले रही है। उन्हें लगता है कि सरकार इसे अपने ऐशोआराम पर खर्च कर रही है। विकास कार्यों की ओर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
प्रदेश में जो भी विकास कार्यों के उद्घाटन किए जा रहे हैं, वह सब पूर्व में कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए हैं और जिन का पूरा बजट उपलब्ध है। कहा कि प्रदेश को केंद्र से कोई भी राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश भाजपा के नेता इस संदर्भ में बड़े दावे कर रहे हैं।
एक तरफ सड़कों की खस्ता हालत दूसरी तरफ सेब विपणन को लेकर बागवानों की चिंता की ओर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने भाजपा से पूछा है कि चुनावों के समय प्रदेश में घोषित उन राष्ट्रीय राजमार्गों का क्या हुआ, जिस के बड़े-बड़े दावे किए गए थे।