हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के प्रचार पर चुनाव आयोग ने रोक लगाई हो। इस रोक से भाजपा के चरित्र का साफ पता चलता है।
प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की इस मामले में खामोशी महिलाओं के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाते हैं। इन चुनावों में प्रदेश और देश में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।
राठौर ने चुनाव आयोग के सत्ती पर प्रचार की 48 घंटों की रोक पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में जबकि किसी राष्ट्रीय पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष दोषी पाया जाता है तो उसे नैतिक आधार पर अपने पद से खुद ही हट जाना चाहिए।
उन्होंने कहा है कि साफ है कि भाजपा के पास नैतिक मूल्य हैं ही नहीं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की खामोशी उनकी राजनीतिक बेबसी को भी साफ बयां करती है।