हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसडीएम राजगढ़ के माध्यम से कांग्रेस ने फिर से एक ज्ञापन भेजा है।
आरोप लगाया कि जयराम सरकार उपचुनाव के दौरान सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। ऐसा पहली बार है कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर आचार संहिता की खुले आम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पच्छाद में चुनाव अधिकारी बेबस नजर आ रहे हैं।
राठौर ने शिकायत पत्र में कहा कि औपचारिकता के तौर पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आचार संहिता के उल्लंघन पर रोक नहीं लगाई जा रही है। कहा कि कांग्रेस की शिकायतें पूरी तरह तथ्यों पर प्रमाण के साथ देने के बावजूद उन पर समय पर ठोस कार्रवाई न होना कई संदेह पैदा करता है।
कहा कि पच्छाद और धर्मशाला में मंत्री आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। कहीं पैसे बांटे जा रहे हैं तो कहीं रातोंरात सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। कहीं पाइपों के ट्रक भेजे जा रहे हैं, कहीं चुनाव के बाद कर्मचारियों को देख लेने तक की धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने मांग की कि आचार संहिता उल्लंघन के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर इन्हें चुनाव प्रचार से तुरंत हटाने के निर्देश दिए जाएं। राठौर ने शंका जाहिर की है कि कहीं भाजपा के नेता ईवीएम पर भी सेंधमारी करने की कोशिश न करें। चुनाव से पहले और चुनाव के बाद इनकी सुरक्षा में कोई कोताही न बरती जाए।