बानकुफर वन विश्राम गृह में सीबीआई ने प्रशांत नेगी उर्फ हैप्पी नेगी से पूछताछ की। हैप्पी नेगी का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सीबीआई की टीम दोबारा दांदी जंगल पहुंची।
इस टीम ने छैला चौकी से भी एक पुलिस कर्मी को बुलाया और उससे भी पूछताछ की। सीबीआई की टीम हलाइला, बानकुफर और दांदी के जंगल में पिछलेे दो दिनों में सक्रिय है।
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सीबीआई की टीम में छह नए लोग बानकुफर वन विभाग के रेस्ट हाउस में करीब ग्यारह बजे पहुंचे। उन्होंने यहां पर प्रशांत नेगी उर्फ हैप्पी नेगी को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के बाद उसे वापस भेजा गया। मंगलवार को यहां पहुंची टीम में सभी सदस्य नए थे।
सीबीआई की टीम के साथ रेस्ट हाउस तक छैला चौकी से पुलिस का एक जवान भी साथ था। इस दौरान उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। दिन भर उन्होंने कमरे में बैठकर मामले की गोपनीय पड़ताल की।
दिन के लिए सीटीआई टीम का भोजन शिमला से साथ पैक करके साथ लाया गया था। रेस्ट हाउस में दिन भर जांच की समीक्षा की गई। शाम करीब साढे चार बजे टीम के सभी सदस्य बानकुफर रेस्ट हाउस से दो वाहनों में वापस रवाना हुए।
प्रशांत नेगी के घर पर भी की थी छापामारी
इससे पहले सोमवार को सीबीआई की टीम ने प्रशांत नेगी के घर में छापेमारी की। उसके घर से कुछ इलेक्ट्रानिक उपकरण भी कब्जे में लिए गए। जिन स्थानीय लोगों से सीबीआई पूछताछ कर चुकी है, वे लोग सीबीआई के सवाल पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।