गुड़िया गैंगरेप हत्याकांड के एक आरोपी सूरज के लॉकअप में मर्डर से अंजान उसकी पत्नी ममता ने पुलिस पर कई सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि लॉकअप में राजू ने सूरज को पीटकर मार डाला, जबकि ममता कहती हैं कि राजू और उसका पति सूरज दोनों भाई की तरह रहते थे।
पुलिस ने सूरज को इस मामले में फंसाने के लिए पूरी साजिश रची। ममता ने पैसे के लालच में पति के जुर्म कबूलने की बात को भी खारिज किया। इस पूरे प्रकरण को लेकर अमर उजाला संवाददाता रतन चौहान ने सूरज की पत्नी से बातचीत की।
कहा- राजू मेरे पति सूरज पर हमला नहीं कर सकता
राजू मेरे पति सूरज पर हमला नहीं कर सकता। दोनों भाइयों की तरह बगीचे में काम करते रहे हैं। हमेशा राजू ने सूरज का ध्यान रखा है। अब पता चला कि राजू ने सूरज पर थाने में हमला कर दिया है। वह थाने में सूरज पर कैसे हमला कर सकता है।
गुड़िया केस में सूरज को आरोपी बनाने पर ममता कहती हैं कि पुलिस डेरे से उसे यह कह कर ले गई कि राजू के खिलाफ उससे कुछ पूछताछ करनी है।
डेरे से उठाने से पहले भी पुलिस ने दो शाम सूरज के साथ बहुत मारपीट की थी। बाद में चला कि उसको गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एक बार सूरज से वह थाने में मिलने गई थी।
किसी ने नहीं दिया पैसों का कोई लालच
इस दौरान सूरज ने कहा था- मैं बेगुनाह हूं, रोना मत कुछ दिनों में छूटकर घर लौट आऊंगा। सूरज को पैसों का प्रलोभन देने पर ममता का कहना है कि- मेरे परिवार को किसी ने पैसों का कोई लालच नहीं दिया।
कौन पुलिस की मार खाने के लिए हवालात में रहेगा। मेरा पति कहां है इतने दिन से कोई बताने को सामने नहीं आ रहा है। पति की लॉकअप में मौत से अंजान ममता ने कहा कि यदि मेरे पति को कुछ हो गया तो मैं दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर लूंगी। जिन लोगों ने थाने में मेरे पति से मारपीट की है उनसे अब मुझे और मेरे बच्चों को भी खतरा है।
72 घंटे बाद भी पुलिस ने नहीं दी मौत की सूचना
पुलिस हिरासत में सूरज की मौत के 72 घंटे बाद भी परिवार को सूचना तक नहीं दी गई है। अभी तक उसकी पत्नी ममता यही मान रही है उसका पति पुलिस हिरासत में है।
हिरासत में उसके पति पर हमला किया गया, जिसमें राजू का नाम सामने आ रहा है। सूरज की 18 जुलाई की रात कोटखाई थाने में हत्या हो चुकी है। अभी तक उसका परिवार परेशान है।
दो हफ्ते बाद सूरज के परिवार को मिली सुरक्षा
महासू। सूरज की गिरफ्तारी के करीब दो सप्ताह बाद नेपाली मूल के आरोपी के परिवार को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई। तांदी जंगल के साथ एक बागवान के बगीचे में सूरज का परिवार रहता है।
लॉक में उसकी हत्या के बाद भी पुलिस ने सूरज के परिवार को सुरक्षा देना उचित नहीं समझा। एसपी सौम्या ने बताया कि सूरज के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। मामले की जांच अब सीबीआई करेगी।
अभी तक कब्जे में नहीं लिया राजू का वाहन
पुलिस के अनुसार हत्या के दिन भी इस वाहन का प्रयोग किया गया।
पुलिस गुड़िया हत्याकांड में मुख्य आरोपी राजू को मान रही है। राजू गुड़िया की मौत से पहले जिस बागबान के पास काम करता था उसकी पिकअप का प्रयोग करता रहा है। पुलिस के अनुसार हत्या के दिन भी इस वाहन का प्रयोग किया गया।
चार जुलाई को गुड़िया गायब हुई। पांच जुलाई को इस वाहन से राजू अपनी माता को शिमला लेकर गया। उसी शाम को इस वाहन में शिमला से गोबर बगीचे के लिए पहुंचाया गया। पुलिस ने अभी तक इस वाहन को कब्जे में नहीं लिया है।