भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय का कहना है कि कोटखाई की गुड़िया के साथ हुए दुराचार और बर्बर हत्या से पूरे देश में हिमाचल शर्मसार हुआ है। इस घटना से प्रदेश की 70 लाख जनता के अंदर आग लगी हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इसे साधारण घटना बता रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने लोगों को बचाने के लिए नेपाली मूल के आरोपी युवक को साजिश के तहत लॉकअप में ही मरवा दिया। यह आरोपी मामले का पर्दाफाश कर सकता था। पांडेय शुक्रवार को सुंदरनगर जिला भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार तो पहले ही दिन से ही मुद्दा था। अब विकास, वन और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर भी सरकार घिर गई है। उन्होंने कहा कि वनरक्षक की मौत से जनता में पहले ही उबाल था, अब गुड़िया प्रकरण ने सरकार की पोल खोलकर रख दी है।
इस जंगलराज से अगर जनता को छुटकारा पाना है तो प्रदेश में भाजपा की सरकार को सत्ता में लाना होगा। उन्होंने प्रदेश की जनता खासकर महिलाओं से आह्वान किया कि कांग्रेसी यदि उनसे वोट मांगने आएं तो उनका घेराव कर उनसे जवाब तलब किया जाए। इस मौके पर जयराम ठाकुर, महेंद्र सिंह, कर्नल इंद्र सिंह, राकेश जम्वाल, रूप सिंह ठाकुर, त्रिलोक जम्वाल सहित अनेक नेता उपस्थित रहे।