पांच से छह महीने तक बर्फ से लकदक रहने वाले जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कोकसर में माइनस डिग्री तापमान के बीच आइस क्लाइंबिंग की ट्रेनिंग दी जा रही है। कोकसर में तैनात रेस्क्यू टीम को बर्फ के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन अंजाम देने के लिए एवरेस्ट की तर्ज पर कठिन ट्रेनिंग दी जा रही है। पर्वतारोहण संस्थान मनाली रेस्क्यू दल यह प्रशिक्षण दे रहा है।
इस ट्रेनिंग को शून्य तापमान में पानी से जमी बर्फ के ऊपर किया जा रहा है। कोकसर के साथ सटे वाटरफॉल पर इंस्ट्रक्टर पवन ठाकुर यह ट्रेनिंग दे रहे हैं। पर्वतारोहण संस्थान मनाली से मेथड ऑफ इंस्ट्रक्टर कोर्स पूरा करने वाले घाटी के तेलिंग गांव के युवा प्रशांत आनंद ने कहा कि जमे हुए पानी की परत पर चढ़ाई चढ़ने का अलग ही रोमांच है।