48 लाख की यह मशीन रोटरी क्लब शिमला ने इंडिया ऑयल कार्पोरेशन के सीएसआर फंड से खरीद कर महिला मरीजों की सुविधा के लिए समर्पित की है। विधायक हरीश जनारथा ने इस अत्याधुनिक वी 8 अल्ट्रासाउंड मशीन का रिबन काट कर शुभारंभ किया। यह मशीन विशेष रूप से माताओं एवं बच्चों के लिए बेहतर और सटीक जांच में सहयोगी साबित होगी। इस मौके पर केएनएच के एमएस डॉ. सुंदर नेगी, आईजीएमसी की प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रही। कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के जीएम (सीएसआर) एनके रैना और रोटरी क्लब शिमला के जिला 3080 के गवर्नर रवि प्रकाश विशेष रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब शिमला जल्द ही अस्पताल को पांच लाख की कोल्पोस्कोपी मशीन भी भेंट करेगा। इससे गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की प्रारंभिक जांच की जा सकेगी। रोटेरियन करण बंबा ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन से मरीजों को सुलभ एवं समयबद्ध जांच में सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
गायनी विभाग शिफ्ट होने से आधे रह गए मरीज राजधानी के 102 साल पुराने मातृ एवं शिशु अस्पताल (केएनएक) को शनिवार को 48 लाख की अत्याधुनिक कलर डॉप्लर मशीन मिल गई लेकिन अस्पताल का गायनी विभाग आईजीएमसी में शिफ्ट करने से महिला रोगियों की संख्या आधी रह गई है। ऐसे में गायनी विभाग की ओपीडी और वार्ड में उपचार करवाने आने वाली महिलाओं को इस आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का कोई लाभ नहीं मिल सकेगा। अब कमला नेहरू अस्पताल में संबंधित मामलों की महिलाओं और नवजात की जांच के लिए ही इस महंगी मशीन का इस्तेमाल हो पाएगा।