दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
इंडक्शन, सीलिंग और वायरिंग आग में जली
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश सचिवालय के पास छोटा शिमला में एक ढाबे में सुबह के समय अचानक आग लग गई। इस वजह से मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में लोगों ने अग्निशमन विभाग को इस बारे में सूचित किया और बाल्टियों से खुद भी आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग की टीम कुछ समय में ही मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार मामला शनिवार सुबह 11:00 बजे का बताया जा रहा है जब छोटा शिमला में मोनू गुप्ता के ढाबे में आग लग गई। धुंआ उठते ही आसपास के लोग और थाना छोटा शिमला से थाना प्रभारी समेत अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे। लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया और छोटा शिमला अग्निशमन केंद्र को सूचित किया। दो मिनट के भीतर अग्निशमन का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मियों ने कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। इस घटना में करीब सात हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है जबकि डेढ़ करोड़ की संपत्ति को जलने से बचा लिया है। मोनू गुप्ता ने बताया कि वह सामान लेने के लिए गया था। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। शायद शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो। अग्निशमन अधिकारी भगतराम ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।