अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिड-डे मील में खाने के लिए स्वच्छ और ताजा फल-सब्जियां मिलेंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग हर सरकारी स्कूल में किचन गार्डन की सुविधा उपलब्ध करवाने जा रहा है। इसमें स्कूल प्रबंधनों की ओर से विद्यालय के आंगन में कुछ जगह पर फल और सब्जियों के पौधे लगाए जाएंगे।
इनकी देखभाल स्कूल प्रबंधन और स्कूल स्टाफ करेगा। इस किचन गार्डन में लगाई जाने वाली स्वच्छ, ताजा सब्जियां और फल दोपहर के समय विद्यार्थियों को मिड-डे मील के रूप में दिए जाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के मिड-डे मील जिला कोऑर्डिनेटर अतुल शर्मा ने बताया कि इस योजना से स्कूल प्रबंधनों को मिड-डे मील में डालने के लिए मंडी से सब्जियां नहीं लानी पड़ेंगी। किचन गार्डन की सब्जियों की गुणवत्ता भी बाहर की सब्जियों से कहीं ज्यादा होगी। आजकल सब्जियों और फलों पर अत्यधिक कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव होता है। किचन गार्डन की सब्जियों में ऐसा नहीं होगा।
स्कूलों में किचन गार्डन की सुविधा होने से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कृषि संबंधी ज्ञान मिलेगा। इन किचन गार्डन में सब्जियों और फलों में बीमारियों की पहचान, मौसम की मार, खाद तथा उर्वरक का प्रयोग, समयानुसार सिंचाई सहित उनकी देखभाल आदि की जानकारी विद्यार्थी अध्यापकों से ले सकेंगे।