हरे मटर के दाम भी 150 रुपये किलो तक संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। प्याज की बढ़ती कीमतों का असर अब राजधानी में भी दिख रहा है। सब्जियों के बढ़ते दाम रसोई का बजट बिगाड़ रहे हैं।
शहर के लोअर बाजार स्थित सब्जी मंडी में दस दिन में प्याज के दामों में सीधे 20 रुपये का उछाल आया है। मंडी में इस समय प्याज 70 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। इसके अलावा मंडी में फूलगोभी, बीन और पहाड़ी ककड़ी के दाम 100 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं। वहीं टमाटर के दाम लंबे समय से 150 रुपये प्रतिकिलो बने हुए हैं। दिन-प्रतिदिन बढ़ती महंगाई ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। लोगों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने से लोग चिंतित हैं। लंबे समय से प्याज 40 से 50 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा था अब अचानक दाम बढ़ने से सोच-समझकर खरीदारी करनी पड़ रही है। लोअर बाजार सब्जी मंडी के प्रधान विश्वेश्वर नाथ ने बताया कि बरसात के कारण प्याज की आपूर्ति कम हुई है। इसके चलते दामों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि आने वाले 15 से 20 दिन तक आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
यह हैं सब्जियों के दाम
लोअर बाजार में मटर 150 रुपये, प्याज पहाड़ी 70, देसी 60 रुपये, फूलगोभी 100 रुपये और ककड़ी 100 रुपये प्रतिकिलो बिक रही है। फ्रासबीन 80 से 100 रुपये, आलू 30 से 40 रुपये, लहसुन 280 रुपये, अदरक 160 से 200 रुपये, करेला 40 रुपये, बैंगन 40 रुपये, अरबी 40 रुपये, कद्दू 40 रुपये, खीरा 50 से 60 रुपये, चुकंदर 60 रुपये, कटहल 80 रुपये और जिमीकंद 80 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है।
विज्ञापन
घर चलाने में आ रही मुश्किलें
बढ़ती महंगाई के चलते घर चलाने में मुश्किलें आ रही हैं। अन्य सामान के साथ आय दिन विभिन्न सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं ऐसे में। एक महीने से हर दिन बारी बारी सब्जियों के दामों में 10, 10 रुपये का उछाल आ रहा है। अब प्याज के दामों में एकदम उछाल आने से तड़के का बजट भी बिगड़ गया है।
रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम हर दिन बढ़ रहे हैं। महंगाई बढ़ रही है आय उतनी ही है। लंबे समय से प्याज 40 से 50 रुपये तक बिक रहा था लेकिन अब एकदम से दाम 70 पहुंचने से सोच-समझकर खरीदारी करनी पड़ रही है। ऐसे ही अन्य सब्जियां भी महंगी हो गई हैं। - कुसुम, निवासी घंडल