निगुलसरी के पास कई दिनों से अवरुद्ध एनएच पांच शनिवार को भी बहाल नहीं हो पाया है। एनएच प्राधिकरण का दावा था कि शाम तक मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा लेकिन पहाड़ी से पत्थरों के गिरने के कारण कार्य प्रभावित हुआ। इस वजह से शाम तक मार्ग को बहाल करने में सफलता नहीं मिल पाई है।
विज्ञापन
शनिवार को जेसीबी मशीन पर पत्थर गिर गए, जिससे चालक घायल हो गया है। चालक को उपचार के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया गया। पत्थरों के गिरने के कारण कार्य में बाधा आ गई, जिससे मार्ग बहाल नहीं हो पाया है। इसके कारण शनिवार को एनएच पांच बहाल नहीं हो पाया है। वहीं एनएच प्राधिकरण ने रामपुर और किन्नौर की ओर से मशीनों को चट्टान कटाने के लिए लगा दिया है, जिससे जल्द एनएच बहाल हो सके।
सड़क बंद होने से जिले के निचले क्षेत्रों के बागवानों को सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं। उधर, मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया रविवार को एनएच पांच वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शनिवार को बारिश होने के साथ पत्थरों के गिरने से काम बाधित रहा।