टिंकू नाले में अचानक हिमखंड गिरने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। इससे रिकांगपिओ से पूह की ओर जाने वाले लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
किन्नौर जिले के पूह खंड के अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 टिंकू नाले में हिमखंड गिरने से करीब 13 घंटे तक अवरुद्ध रहा। नेशनल हाईवे अवरुद्ध होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बीआरओ ने कड़ाके की ठंड में शनिवार सुबह तक एनएच को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार रात की है जब अचानक टिंकू नाले में हिमखंड गिरने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। इससे रिकांगपिओ से पूह की ओर जाने वाले लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। इसकी सूचना लोगों ने बीआरओ की टीम को दी।
इसके बाद बीआरओ ने दो मशीनों और 30 मजदूरों की मदद से बर्फ हटाने का काम शुरू किया और शनिवार सुबह 8:20 बजे एनएच को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया। बीआरओ ने कड़ाके की ठंड में विपरीत परिस्थितियों में इस पूरे कार्य को अंजाम दिया है।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मजदूरों और मशीनों की मदद से एनएच को बहाल कर दिया गया है। अब पूह से रिकांगपिओ और रिकांगपिओ से पूह और काजा की ओर वाहनों की आवाजाही हो रही है। - पीवी सिंह, ओसी पोवारी, बीआरओ