खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया ने शनिवार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के आरोपों पर पलटवार किया है। गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल का जो विकास हो रहा है, उससे समूचा विपक्ष बौखलाहट में है।
उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि विकास इस तरह से भी हो सकता है, जो वे कर नहीं पाए। गुलेरिया ने कहा कि हिमाचल ऑन सेल का जो मुद्दा मुकेश अग्निहोत्री ने उठाया है वह समझ से परे है।
क्योंकि वह कांग्रेस सरकार के समय स्वयं उद्योग मंत्री रहे हैं, लेकिन अपने मंत्री पद के कार्यकाल के दौरान वे हिमाचल में एक भी निवेशक को नहीं ला पाए, बल्कि जो उद्योग चल रहे थे वे भी पलायन करने लगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर के प्रयासों से आज हिमाचल प्रदेश में बड़े-बड़े औद्योगिक घराने निवेश करने के लिए तैयार हुए हैं, जिससे हिमाचल का विकास और तेज होगा।
69 नेशनल हाईवे के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने 50 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में मात्र 5 नेशनल हाईवे ही बना पाई।
उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने हिमाचल को 4 नए नेशनल हाईवे स्वीकृत किए थे और आज देश में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने हिमाचल के लिए 69 नेशनल हाईवे स्वीकृत किए हैं, जिनकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि आलोचनाओं की राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास में सहयोगात्मक रवैया अपनाएं और हिमाचल की उन्नति में सकारात्मक भूमिका निभाएं।