युद्ध चंद बैस को नोटिस जारी
विजिलेंस ने 20 करोड़ की लोन धोखाधड़ी मामले में आरोपी युद्ध चंद बैस को नोटिस जारी किया है। आरोपी विजिलेंस जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। बीते सोमवार को आरोपी को विजिलेंस ने शिमला कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। आरोपी अंतरिम जमानत पर है। विजिलेंस हाईकोर्ट में आरोपी की जमानत रद्द करने की सिफारिश करेगी। विजिलेंस ने बैंक का रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच चल रही है। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पुछताल की जा रही है। विजिलेंस का कहना है कि बैस कार्यालय में आने के लिए आनाकानी कर रहा है। कभी दिल्ली तो कभी जरूरी काम से बाहर होने की बात करता है। बता दें कि ऊना जिले के रहने वाले बैस पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर कांगड़ा बैंक से फर्जी तरीके से लोन लेने और धोखाधड़ी के मामले में विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज की है।