स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने कहा कि बिलासपुर में एम्स शिलान्यास के लिए तैयार है। केंद्र ही इसको लेकर देरी कर रहा है। लगता है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा साल 2017 में होने वाले विस चुनावों के नजदीक तक शिलान्यास कार्यक्रम को सरका रहे हैं। सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कौल सिंह ने बताया कि बुधवार को शिमला में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उन्होंने मुलाकात की।
एम्स के जल्द शिलान्यास की मांग की। कहा कि प्रधानमंत्री या वह स्वयं जल्द इसका शिलान्यास करें। चंबा, हमीरपुर और नाहन में खोले जाने वाले मेडिकल कॉलेजों के लिए जल्द केंद्रीय शेयर देने की मांग भी की। मंडी के कैंसर अस्पताल के लिए धनराशि जल्द देने को कहा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बीस जनवरी के बाद नई दिल्ली में अफसरों के साथ आने को कहा है। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में हिमाचल की मांगों पर चर्चा होगी।
केएनएच में बच्चे की मौत मामले पर बिठाई जांच
कौल सिंह ने बुधवार को कमला नेहरू अस्पताल शिमला में एक बच्चे की मौत के मामले पर जांच बैठा दी है। कहा कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की गई है। अगर सीनियर डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।