भाजपा सांसद कंगना रणौत ने कहा है कि एक नए सांसद के रूप में उनका यह पहला वर्ष विशेष रूप से विपक्ष के व्यवहार के कारण अत्यंत चिंताजनक और मानसिक रूप से पीड़ादायक रहा है। पूरे वर्ष विपक्ष ने संसद को सुचारु रूप से चलने नहीं दिया। हर दिन सदन में तमाशा, नारेबाजी, वेल में आना, डराना-धमकाना और धक्कामुक्की लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि हम यहां जनता की आवाज बनने आए हैं, सीखने आए हैं, लेकिन विपक्ष ने संसदीय मर्यादाओं को रौंदने का काम किया है। बुधवार को जारी बयान में कंगना रणौत ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया भाषण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पूरे देश को उनसे किसी बड़े खुलासे की उम्मीद थी, लेकिन उनके भाषण में न कोई ठोस तथ्य था, न कोई ठोस मुद्दा।
कंगना ने कहा कि जो पार्टी महिलाओं के सम्मान की दुहाई देती है, वही बार-बार महिलाओं का अपमान भी करती है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, शौचालय, छात्रवृत्तियां और आत्मनिर्भर महिला योजनाएं देश में महिलाओं को वास्तविक सम्मान और सशक्तिकरण दे रही हैं। प्रधानमंत्री ईवीएम को हैक नहीं करते, वह देशवासियों के दिलों को हैक करते हैं। कंगना ने कहा कि कांग्रेस जिस बैलेट पेपर युग को आदर्श बताती है, उसी दौर में सबसे बड़ा चुनावी घोटाला हुआ था। उन्होंने कहा कि वोट चोरी और चुनावी धांधली में तत्कालीन प्रधानमंत्री दोषी पाई गई थीं और रातों-रात उनकी सदस्यता रद्द हुई थी।