प्रदेश के जिला मंडी के सरकाघाट उपमंडल की उप तहसील भद्रोता की सड़कों की दुर्दशा पर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर 2 विशाल कुमार ने लोनिवि के अधिशासी एवं सहायक अभियंता और संबंधित जेई से जवाब तलब किया है।
एक दावे पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से 26 मार्च को सड़कों की खराब हालत पर जवाब मांगा है। भद्रोता क्षेत्र की मसेरन, भटोंह, तपौन, समसौह, मेहवाणी और चंदैश सड़कों की खस्ता हालत पर स्थानीय निवासी एवं बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेश शर्मा व वरिष्ठ अधिवक्ता भूप सिंह ठाकुर ने कोर्ट में याचिका दायर की थी।
उनके अनुसार पिछले 15 साल से इन सड़कों की हालत खराब हो गई है। मसेरन से लेकर चंदैश तक करीब 10 किलोमीटर स्पेस की पिछले 15 वर्ष से एक बार भी सही ढंग से मरम्मत नहीं हुई है।
घटिया सड़कों की वजह से उनकी लाखों की गाड़ियों के चैंबर ओर शॉकर टूट चुके हैं। मार्ग पर कई हादसे अब तक हो चुके हैं। कोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई करते हुए सरकाघाट लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता और संबंधित सेक्शन जेई से 26 मार्च को जवाब तलब किया है।