जेपी नड्डा ने लिया बुआ का आशीर्वाद
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ लगते गांधीनगर में अपनी बुआ गंगा देवी शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचे और उनसे आशीर्वाद लिया। नड्डा की बुआ की उम्र 103 वर्ष है। कोरोना के चलते नड्डा लंबे अरसे बाद कुल्लू में अपनी बुआ से मिलने पहुंचे। बुआ भी नड्डा को देखकर खुश हो गई। इस दौरान उन्होंने शगुन के रूप में कुछ रुपये भी दिए। नड्डा के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे और उन्होंने भी बुआ से आशीर्वाद लिया। जेपी नड्डा अपने परिवार के साथ कुल्लू पहुंचे हैं। उनका रात्रि ठहराव भी यहां होगा। इस दौरान मंत्री गोविंद ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व महेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।
मित्र के निधन पर सांत्वना देने घर पहुंचे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार शाम को अपने कॉलेज के मित्र जुगल किशोर के निधन पर उनके परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। जिला मुख्यालय के साथ लगते अखाड़ा बाजार में जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जुगल किशोर धावक के परिजनों से मुलाकात की। कुछ माह पूर्व उनकी कोरोना से मौत हो गई थी। वह जेपी नड्डा के मित्र थे और दोनों ने छात्र राजनीति की थी। जेपी नड्डा जब भी कुल्लू दौरे पर आते थे, वह उनके घर जरूरत जाते थे। नड्डा के एक अन्य मित्र युवराज बौद्घ ने कहा कि नड्डा व मुख्यमंत्री ने जुगल किशोर धावक की मौत पर गहरा दुख जताया है।