जोगिंद्रनगर-कांगड़ा रेल सेवा बंद
- फोटो : संवाद
मंडी के जोगिंद्रनगर से बैजनाथ, पपरोला, पालमपुर और कांगड़ा घाटी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें आगामी आदेशों तक बंद रहेंगी। भारी बारिश और पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल ट्रैक पर भूस्खलन से हुए नुकसान को देखकर रेलवे विभाग ने सभी रेलगाड़ियों की आवाजाही रोक दी है। बैजनाथ-पपरोला से जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन आवागमन करने वाली सुबह और दोपहर की रेलगाड़ी 10 जुलाई के बाद स्टेशन नहीं पंहुची हैं। अब नूरपुर रेलवे स्टेशन तक भी रेलगाड़ी नहीं चलाने का निर्णय लिया गया है।
बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राजेश भारद्वाज के अनुसार कोपड़लाहड़ रेलवे स्टेशन के नजदीक भूस्खलन से रेल ट्रेक को नुकसान हुआ है। जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रवींद्र रावत ने बताया कि बीती 10 जुलाई को सुबह 9:35 बजे और दोपहर 2:35 बजे स्टेशन पहुंचने वाली रेलगाड़ी पर प्रतिबंध लगने के बाद अब कांगड़ा घाटी की ओर जाने वाली सभी रेलगाड़ियों का आवागमन आगामी आदेशों तक बंद रखने के आदेश मिले हैं।
हिमाचल एक्सप्रेस, साबरमती चार घंटे, वंदे भारत ढाई घंटे देरी से पहुंची ऊना
उधर, ऊना जिले में तीन प्रमुख रेलवे ट्रैक पर एहतियातन ट्रेनें धीमी गति से चलाई जा रही हैं। बुधवार को ऊना रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ढाई घंटे देरी से पहुंची। हिमाचल एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस चार-चार घंटे देरी से आवागमन कर रही हैं। अभी तक ऊना रेलवे स्टेशन पर अंबाला तक जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन सहित चार ट्रेनें चल रही हैं। गौरतलब है कि हाल ही में हुई भारी बारिश से रेलट्रैक को नुकसान पहुंचा था। इसे ठीक करने के बाद एहतियात के तौर पर ट्रेनों को धीमी रफ्तार से चलाया जा रहा है।