सोने के मार्केट रेट में दो हजार रुपये की देंगे छूट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अक्षय तृतीया के पर्व पर सोने-चांदी की खरीद को शुभ माने जाने के चलते शहर के ज्वेलर्स ने ग्राहकों के लिए विशेष छूट की योजनाएं शुरू की हैं। इसका असर ज्वेलरी की दुकानों में भी नजर आने लगा है।
राजधानी के ज्वेलर्स एसोसिएशन ने अक्षय तृतीया पर सोने चांदी के बढ़े दामों के बीच विशेष योनजा चलाकर कुछ राहत दी है। इसमें एसोसिएशन के सभी ज्वेलर्स आभूषण बनाने के लेबर चार्जेज को घटाकर सात फीसदी करने और सोने के मौजूदा रेट में दो हजार की विशेष छूट दे रहे है। 12 अप्रैल से शुरू हुई इस योजना को एसोसिएशन 19 अप्रैल तक जारी रखेगी । वहीं सभी ज्वेलर्स ने ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों में विशेष प्रदर्शनी अलग-अलग ऑफर के साथ शुरू की है। इससे सोने और चांदी के आभूषण खरीदने के शौकीन ग्राहक इन प्रदर्शनियों में आ कर अपनी आर्थिक क्षमता को देखते हुए अपनी पसंद के गहनों की खरीद कर छूट और ऑफर का लाभ भी उठा रहे हैं। शिमला ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण ने कहा कि ज्वेलर्स की इस पर्व पर शुरू की गई योजना का असर दिखने लगा है, ग्राहक अब योजना का लाभ उठाने के लिए दुकानों में आने लगे है।
संघ के महासचिव अतुल टांगरी ने कहा कि सोने की खरीददारी पर दो हजार रुपये तक की छूट और लेबर चार्जेज को घटाकर कम किये जाने से ग्राहकों को राहत देने के लिए मिलकर योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा ज्वेलर्स ने अपने स्तर पर भी ग्राहकों के लिए गोल्ड, डायमंड और चांदी की ज्वेलरी की प्रदर्शनी और ऑफर भी दिए है। टांगरी ने कहा कि अक्षय तृतीय साल में एक बार आता है, इस दिन सोने और चांदी की खरीददारी को शुभ और बरकत देने वाला माना जाता है। दुकानों में ग्राहक अक्षय तृतीया पर चांदी और सोने के सिक्के खरीदने के लिए भी आ रहे है। एक ग्राम से लेकर सौ ग्राम तक के सिक्के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।