कुल्लू जिले के रामशिला के पास बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि, जीप चालक हादसे में गंभीर घायल हो गया है। घायल का उपचार कुल्लू अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात को रामशिला के पास भुंतर की ओर से आ रही एक जीप ने मनाली की ओर से आ रही ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
वहीं, कार को टक्कर मारने वाली जीप का चालक संजय भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसे कुल्लू अस्पताल में भर्ती किया गया है। तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जबकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए युवकों की पहचान गोपाल कृष्ण (24), दलीप चंद (26) और मनीष (27) साल के रूप में हुई है।
खबर की पुष्टि करते हुए एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। वहीं, घायल जीप चालक का उपचार कुल्लू अस्पताल में चल रहा है। यहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस हादसे के कारण का पता लगा रही है।