हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में देर शाम करीब साढ़े छह बजे रौंडी के पास एक एप्लाइड फॉर पिकअप (जीप) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार पिकअप एचआर(टी)-7157 चौरास से नौहराधार की ओर जा रही थी कि अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप खाई जा गिरी।
हादसे में चालक कमलराज पुत्र सुंदर सिंह (37) गांव छोगटाली, सुरेंद्रा पत्नी कमलराज (35) गांव छोगटाली, स्नेहा पुत्री कमलराज (14) गांव छोगटाली, रघुवीर सिंह पुत्र मेहर चंद (33) निवासी गांव चौरास, तपेंद्र सिंह पुत्र सोहनलाल (28) निवासी गांव चौरास, नितेश पुत्र सुभाष(20) गांव छोगटाली, राजवंती पत्नी रघुवीर (30) गांव चौरास गांव घायल हुए हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस में नौहराधार सीएचसी लाया गया जहां छह घायलों का उपचार चल रहा है। जबकि तपेंद्र सिंह को गहरी चोटें आने के चलते चिकित्सकों ने सोलन रेफर किया।
बताया जा रहा है कि यह लोग सभी एक ही परिवार के हैं जो रक्षाबंधन के मौके पर रिश्तेदार के घर गए थे। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। एएसआई नौहराधार जय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। मामले की छानबीन की जा रही है। उधर, नायब तहसीलदार नौहराधार काकूराम भारद्वाज ने बताया कि छह घायल लोगों को दो-दो हजार व गंभीर घायल तपेंद्र को पांच हजार रुपये दिए गए हैं।