पर्यटन नगरी मनाली की जस्सी गुलाटी ने मिसेज एशिया ग्लोबल-2020 का खिताब जीता है। चंडीगढ़ पार्क प्लाजा में आयोजित प्रतियोगिता में 150 प्रतिभागियों को पछाड़कर उन्होंने यह मुकाम पाया। जस्सी की इस कामयाबी के बाद मनाली में खुशी का माहौल है। दो दिवसीय मिसेज एशिया ग्लोबल-2020 का खिताब जीतने के बाद कलर्स चैनल में प्रसारित छोटी सरदारनी की अभिनेत्री मेहर कौर आहलुवालिया ने उन्हें क्राउन पहनाया।
जस्सी गुलाटी के माता-पिता पंजाब के आनंदपुर साहिब से संबंध रखते हैं। इनकी शादी मनाली के धर्मेंद्र सिंह गुलाटी के साथ 23 वर्ष पहले हुई थी। इनके पति धर्मेंद्र गुलाटी ने हमेशा जस्सी को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। जस्सी इससे पहले भी ब्यूटी विद ब्रेन, शान ए हिंदुस्तान 2020 बेस्ट डिजाइनर आदि अवार्ड जीत चुकी हैं।
मिसेज एशिया ग्लोबल 2020 का खिताब जीतने वाली जस्सी ने कहा कि भविष्य में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, युवाओं को नशे से दलदल से बचाने के लिए रेनबो स्टार क्लब, लाडली फाउंडेशन के साथ मिलकर काम किया जाएगा। लाडली फाउंडेशन के पदाधिकारी कनिका पूरी, शीतल सूद, सुनीता ठाकुर ने कहा कि जस्सी गुलाटी का मनाली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।