फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जन औषधि दिवस: पीएम मोदी से बोलीं कृष्णा- दुकान से 6000 की दवाई अब 800 रुपये में आती है

Sun, 07 Mar 2021 09:33 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

  • जन औषधि दिवस पर शिमला के रिज मैदान से ठियोग की महिला से प्रधानमंत्री ने की बात
  • मोदी को देवदूत बताया, कहा- सस्ती दवाई से बच रहे पैसे से चला रही हूं घर, अब हो रही बचत
  • पीएम बोले- बहुत घूमा हूं ठियोग, आपको कैसे हो गई डायबिटीज, योग भी करने की दी सलाह
विज्ञापन
सरोग गांव की कृष्णा वर्मा से प्रधानमंत्री ने बात की। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जन औषधि दिवस पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के पांच राज्यों के कुछ लाभार्थियों से ऑनलाइन बात की, जो सस्ती दवा ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की ठियोग तहसील के सरोग गांव की कृष्णा वर्मा से प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बात की। कृष्णा ने पीएम को बताया कि उसे उच्च रक्तचाप, डायबिटीज और हार्ट से संबंधित दवाइयां खानी पड़ती हैं।

विज्ञापन


जो दवाइयां पहले निजी दुकानों से हर महीने छह हजार रुपये में मिलती थीं, वही दवाइयां अब जन औषधि केंद्र में मात्र 800 रुपये में मिल रही हैं। कृष्णा ने इन केंद्रों को मोदी की दवा की दुकान बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिमला के रिज मैदान पर सुबह 10 बजे हुआ। कृष्णा ने प्रधानमंत्री को बताया कि किसान परिवार से होने के चलते उन्हें घर का गुजारा चलाना मुश्किल हो जाता था।

हर माह हजारों रुपये दवाइयों पर खर्च हो हो रहे थे। दवाइयां जीवनभर खानी है। अब पता चला तो मोदी की दवा की दुकान से दवाइयां खरीदने पर इतने पैसे बच जाते हैं कि घर का खर्च भी चला रही हूं और बचत भी हो रही है। मोदी ने कृष्णा से कहा कि ठियोग की वादियां इतनी शांत हैं और रास्ते इतने उतार-चढ़ाव और टेढे़-मेढे़ हैं, इसके बावजूद आपको उच्च रक्तचाप और डायबिटीज जैसी बीमारियां कैसे हो गईं।

विज्ञापन
Trending Videos

मोदी से बात करते हुए महिला ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया कि दवाइयों पर हजारों रुपये प्रतिमाह खर्च होने पर उन्होंने दवाइयां छोड़ जीवन समाप्त करने की सोच रही थी। लेकिन जन औषधि केंद्र में सस्ती दवाइयां मिलने के बाद फिर उम्मीद जगी। उन्होंने कहा कि वह अपने जान-पहचान और रिश्तेदारों को भी इन्हीं केंद्रों से दवाइयां खरीदने के लिए प्रेरित कर रही हूं।

कृष्णा वर्मा ने प्रधानमंत्री को हिमाचल के किसानों, बागवानों और गरीब लोगों के लिए देवदूत बताया। महिला ने कहा वह प्रार्थना करती हैं कि पीएम मोदी की दीर्घायु हो। मोदी ने कहा, उन्हें अच्छा लग रहा है, क्योंकि आज ठियोग के लोगों के दर्शन हो गए। बड़ी संख्या में लोग यहां बैठे हैं। रिज मैदान पर हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, आईजीएमसी के प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया आदि मौजूद रहे।

जन औषधि केंद्रों के मालिक और डॉक्टरों से भी की मोदी ने बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश, शिलांग, दीयू, मध्य प्रदेश और गुजरात में जन औषधि केंद्रों के मालिकों और डॉक्टरों से दवाओं के इस्तेमाल को लेकर बात की। बताया जा रहा है कि देश भर में 7500 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों से मरीज दवाइयां खरीद रहे हैं। 
विज्ञापन

जन औषधि परियोजना से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार: जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जन औषधि परियोजना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। बेरोजगार केंद्र खोलने के लिए युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वर्तमान में प्रदेश में 68 जन औषधि केंद्र हैं। इनमें 14 चिकित्सालय में खोले गए हैं। इन केंद्रों में लोगों को बाजार मूल्य की अपेक्षा 50 से 90 फीसदी दवाइयां सस्ती मिल रही हैं। लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध हों, इसके चलते प्रदेश में और जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे।

सरकार ने डॉक्टरों को मरीजों की पर्ची में जन औषधि दवाइयां लिखना अनिवार्य किया गया है। अगर कोई डॉक्टर ये दवाइयां नहीं लिखता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सरकार ने पहले भी जेनेरिक दवाइयां न लिखने वाले डॉक्टरों को चेतावनी देकर छोड़ा है। सीएम जयराम ठाकुर ने रिज मैदान शिमला में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि गरीब आदमी के लिए जन औषधि परियोजना संजीवनी के रूप में काम कर रही है। यह योजना प्रदेश में बहुत लोकप्रिय हुई है।

राज्य में इस योजना में और तेजी लाई जाएगी। यह योजना स्थायी और नियमित आय के साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार का एक अच्छा स्रोत भी उपलब्ध करवा रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत दवाएं औसत बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती होती हैं। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें