नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ऐसी ऐसी योजनाएं ला रही है, जिसका समर्थन नहीं किया जा सकता। पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में सरकार के टूरिज्म विलेज बनाने का फैसला भाजपा को स्वीकार्य नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पालमपुर कृषि विश्व विद्यालय में सुक्खू सरकार की ओर से टूरिस्ट विलेज खोलने की बात करना हास्यास्पद है। अब सरकार की नजर कृषि विश्वविद्यालय की जमीन पर है। कृषि विश्वविद्यालयों को कृषि से जुड़े शिक्षण-प्रशिक्षण और अनुसंधान कार्य करने दें तो मेहरबानी होगी। सरकार टूरिज्म विलेज बनाना चाहती है तो बनाए, लेकिन कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए संस्थानों में इस तरह के प्रयोग करने की बात दुर्भाग्यपूर्ण है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ऐसी ऐसी योजनाएं ला रही है, जिसका समर्थन नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में सरकार के टूरिज्म विलेज बनाने का फैसला भाजपा को स्वीकार्य नहीं है। इसके लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। देश-दुनिया में जहां भी कृषि से जुड़े शोध संस्थान हैं, सभी के पास पर्याप्त भूमि है। कृषि विश्वविद्यालयों में ज़मीन की आवश्यकता होती है। मुख्यमंत्री को अगर लग रहा है कि पालमपुर के कृषि विवि में बहुत जमीन है तो कृषि अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए कृषि से जुड़े नए विभाग खोले, शोध केंद्र खोले।जयराम ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार कृषि के क्षेत्र में अनुसंधान को और भी उन्नत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। दूसरी तरफ राज्य सरकार कृषि विश्वविद्यालयों में अनुसंधान के कार्य को हतोत्साहित कर रही है।