जयराम ठाकुर ने कर्मचारी और पेंशनरों के धरने को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना साधा
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कर्मचारी और पेंशनरों की मांगों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार वास्तव में कर्मचारी हितैषी है तो कर्मचारी और पेंशनर अपनी मांगों को लेकर धरने और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर क्यों हैं। जयराम ठाकुर ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने को हैं, लेकिन कर्मचारियों के भत्ते और अन्य देय राशि अब भी लंबित हैं।
कर्मचारी-पेंशनर के मुद्दे पर सरकार को घेरा
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार सरकार को कर्मचारी हितैषी बताते हैं, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी मांगों के लिए धरना और प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने वाले हैं, इसके बावजूद कई भत्ते और अन्य देनदारियां लंबित हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आने वाले समय में सरकार को इन मामलों का जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधानसभा के भीतर और बाहर कर्मचारियों तथा पेंशनरों से जुड़े इन मुद्दों को लगातार उठा रही है।
राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस पर तंज
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं पर राहुल गांधी को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता इस गलतफहमी में हैं कि राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को अब तक कई बार राजनीतिक रूप से लॉन्च किया जा चुका है, लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस नेतृत्व को जनता बार-बार नकार रही है, उसे आगे बढ़ाने से कांग्रेस को क्या हासिल होगा, इस पर पार्टी को विचार करना चाहिए।