फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: जगत सिंह नेगी बोले- भाजपा ने किया कर्ज लेकर घी पीने का काम, एचआरटीसी के लाखों रुपये नहीं चुकाए

Tue, 28 Nov 2023 07:48 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व सरकार ने एचआरटीसी बसों से भीड़ जुटाने का काम किया और अब तक एचआरटीसी के लाखों रुपये नही चुकाए हैं। 
विज्ञापन
बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस सरकार पर कर्ज लेने का आरोप लगाने वाली भाजपा ने अपनी सरकार में कर्ज लेकर घी पीने का काम किया। कर्ज लेकर जलसों पर ही करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने एचआरटीसी बसों से भीड़ जुटाने का काम किया और अब तक एचआरटीसी के लाखों रुपये नही चुकाए हैं।
विज्ञापन


भाजपा की तो डबल इंजन की सरकार थी, हम तो सिंगल इंजन की सरकार हैं, फिर भी विकास के काम नहीं रुकने दिए, हर क्षेत्र में काम हो रहा है। कर्ज हर सरकार लेती है लेकिन एक सीमा तक ही कर्ज लिया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने काला चश्मा पहन रखा है। विधानसभा सत्र से पहले आपदा पर चर्चा को लेकर शोर करते रहे। सत्र के दौरान आपदा पर चर्चा में भी खूब शोरशराबा किया लेकिन जब हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को पास करने का मौका आया तो सदन का बहिष्कार कर दिया।

नेगी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने सेब को वजन के हिसाब से बेचने का फैसला लिया और लागू भी किया, जिससे बागवानों को फसल का उचित मूल्य मिला। हालांकि कुछ प्रभावशाली आढ़तियों ने इसका विरोध भी किया लेकिन सरकार ने पूरी कड़ाई से फैसला लागू किया। सरकार ने परवाणू, सोलन, कुल्लू, पराला में नई मंंडी बनाई है, शिलारु में जल्द नई मंडी तैयार होने वाली है। बहुत से सीए स्टोर निर्माणाधीन हैं जो अगले सीजन तक तैयार होेंगे और बागवानों को इसका लाभ मिलेगा।
विज्ञापन


बर्फबारी में सड़कें नहीं रहेंगी बंद, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
बर्फबारी को लेकर सरकार ने जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित उपायुक्तों, पीडब्ल्यूडी और एनएच विंग को बर्फबारी के बाद तुरंत सड़कें बहाल करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बसों का संचालन अधिक समय तक प्रभावित न हो और लोगों को आवाजाही में समस्या पेश न आए। बर्फ हटाने के लिए आवश्यक मशीनरी का इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
 
विज्ञापन

पटवारी-कानूनगो की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाएगी सरकार : नेगी

पटवारी और कानूनगो की पदोन्नति प्रक्रिया में सरकार तेजी लाएगी। वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट ऑनलाइन करने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग के सहयोग से एचआरएमएस साफ्टवेयर तैयार किया गया है। इससे सालाना एसीआर समय पर उपलब्ध होगी और पदोन्नति प्रक्रिया भी तेज होगी। मंगलवार को सचिवालय में संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के साथ बैठक के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पटवारियों के पद भरने को स्वीकृति दी है।

पटवारी/कानूनगो को उचित स्टेशनरी व्यय, बेहतर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाने, सुधार समितियों में महासंघ को शामिल करने, कानूनगो की संयुक्त वरिष्ठता सूची उपलब्ध करवाने सहित अन्य सभी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। बैठक में महासंघ के 25 सूत्रीय मांगपत्र पर भी चर्चा की गई। राजस्व मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से निपटने में इस वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। बताया कि राजस्व विभाग द्वारा पटवारी व कानूनगो की मांगों पर चर्चा के लिए निदेशक, भू-अभिलेख की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है जो प्रदेश पटवारी एवं कानूनगो संघ के साथ बैठक करेगी। बैठक में प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें