हिमुडा की ओर से बेकार की जमीनें महंगे दाम पर खरीदने के आरोप पर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा और शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी आमने-सामने आ गए। विधायक राजेंद्र राणा ने विधानसभा में प्रस्ताव लाया कि हिमुडा करोड़ों रुपये खर्च कर बेकार जमीनें खरीद रहा है। सरकार पर पहले ही करोड़ों का कर्ज है। ऊपर से इस तरह राशि खर्च करना ठीक नहीं है। उन्होंने ऊना और देहरा के पास खरीदी जमीन का हवाला किया। जवाब में मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि विधायक सनसनी फैला रहेे हैं। इन्हें पूरी जानकारी लेने के बाद बात करनी चाहिए थी।
इनकी बात का जवाब देने को तैयार हूं। देहरा की जमीन छुपाई नहीं है। आप अलग से चर्चा लाइये मैं हर बात का जवाब दूंगी। हमने नया काम नहीं किया, बल्कि आपकी सरकार के कामों को ही आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार ने हिमुडा के लिए न तो पहले और न अब बजट दिया है। हिमुडा एक एजेंसी है। आज हिमुडा फायदे में है। लोन के लिए सरकार गारंटी देती है। कहा कि जाठिया देवी में टाउनशिप बनाने के लिए सिंगापुर की सरकारी एजेंसी पीछे हटी है। इसका कारण एनजीटी के आदेश हैं।