बीते दिनों उच्च शिक्षा निदेशालय को लिखे पत्र में ईडी ने छात्रवृत्ति घोटाले से संबंधित रिकॉर्ड देने को कहा है। बुधवार को निदेशालय ने सीबीआई को पत्र लिखकर ईडी को रिकॉर्ड देने के लिए अनुमति मांगी है। सीबीआई से मंजूरी मिलते ही निदेशालय ईडी को रिकॉर्ड सौंप देगा।
बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले की जांच में जुटी सीबीआई ने मंगलवार को निजी शिक्षण संस्थानों के जब्त रिकॉर्ड की छंटनी करना शुरू कर दिया है। बुधवार को जिलों के दौरे पर गई सीबीआई टीमें दोपहर बाद शिमला लौटी।
शिमला आफिस पहुंचते ही सीबीआई टीमों ने रिकॉर्ड की छंटनी का काम शुरू किया। वीरवार को भी छंटनी का काम जारी रहने की संभावना है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में कुछ और निजी शिक्षण संस्थानों में भी दबिश दी जाएगी।