पीटरहॉफ पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने ऑनलाइन जुड़े सभी लोगों के साथ योग आसान किए। उन्होंने कहा कि योग न केवल मानव को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है बल्कि यह शरीर और आत्मा के बीच संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल प्रदेश में करीब एक लाख लोगों ने सोमवार सुबह सात बजे एक साथ योगासन और प्राणायाम किए। राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में आयोजित प्रदेश स्तरीय वर्चुअली कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर भी जुड़े। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पीटरहॉफ पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने ऑनलाइन जुड़े सभी लोगों के साथ योग आसान किए। उन्होंने कहा कि योग न केवल मानव को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है बल्कि यह शरीर और आत्मा के बीच संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आयुष विभाग की ओर से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2021 ‘योगा फोर वैल बींग’ विषय पर आधारित है। यह कोरोना महामारी के इस कठिन समय में बहुत प्रासंगिक है।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि आयुष विभाग ने आर्ट ऑफ लिविंग, योग भारती, विवेकानंद योग केंद्र आदि के सक्रिय सहयोग से इस वर्ष 14 मई को नए कार्यक्रम आयुष घर-द्वार का आरंभ किया है। कोरोना मरीजों और अन्य लोगों को वर्चुअल माध्यम से योग और प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों को वर्चुअल माध्यम से योग के प्रति प्रेरित करने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर का आभार भी व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि आयुष घर-द्वार कार्यक्रम के तहत 1327 समूह गठित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 53000 से अधिक लोगों को योग और प्राणायाम के लिए प्रेरित किया गया है।
श्रीश्री रविशंकर ने की सरकार के प्रयासों की सराहना
श्रीश्री रविशंकर ने राज्य में योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवी-देवताओं की भूमि है और प्रदेश को स्वस्थ एवं समृद्ध राज्य बनाने के प्रयास जारी रखने चाहिए। राज्य सरकार ने टीकाकरण अभियान में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने चिकित्सकों, अन्य पैरा मेडिकल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का कोरोना महामारी के दौरान प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए आभार जताया।