तीन और चार जून को जिला प्रशासन की ओर से शिमला ग्रीष्मोत्सव पर सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में दूसरी से बारहवीं कक्षा छात्र भाग ले सकते हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) सुनील शर्मा ने समर फेस्टिवल को लेकर हुई बैठक में यह जानकारी दी।
बैठक में सहायक प्रो. ललित कला, विवि के डॉ. हेम चटर्जी, सहायक निदेशक शिक्षा अजय शर्मा और जिला भाषा अधिकारी त्रिलोक सूर्यवंशी भी उपस्थित रहे। सुनील शर्मा ने बताया कि रिज के समीप दौलत सिंह पार्क में होने वाली इस प्रतियोगिता में छात्रों के तीन वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रथम वर्ग में दूसरी से पांचवीं कक्षा, दूसरे वर्ग में छठी कक्षा से आठवीं कक्षा और तीसरे वर्ग में नवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रथम वर्ग के छात्र अपनी इच्छानुसार चित्र बना सकते हैं। द्वितीय वर्ग के छात्र-छात्राओं ‘क्लीन शिमला, ग्रीन शिमला’ विषय पर, जबकि तृतीय वर्ग के प्रतिभागियों को ‘शिमला ग्रीष्मोत्सव’ विषय पर चित्रकारी करनी होगी।
भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से प्रतिभागियों को चित्रकला करने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को अपने साथ कार्ड बोर्ड, ड्राइंग बोर्ड लाने होंगे। तीनों वर्गों में सर्वश्रेष्ठ चित्रकारों को प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।