अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की पहली बैठक
- फोटो : संवाद
देवी-देवताओं के महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय लोक नृत्य उत्सव दशहरा पांच से 11 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। दशहरा का आयोजन बड़े पैमाने पर होगा। दशहरा को भी आजादी के अमृत महोत्सव से जोड़ा जाएगा। यह बात शुक्रवार को कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की पहली बैठक में उत्सव कमेटी के अध्यक्ष एवं मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कही। उन्होंने जिला प्रशासन से दशहरा उत्सव को मनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने तथा जिला प्रशासन को अलग-अलग समितियां गठित करने के निर्देश दिए। दो साल बाद कुल्लू दशहरा में लाल चंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र में सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और दूतावासों के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मित्र देशों के कलाकारों को आमंत्रण भेजा जाएगा।
दशहरा के लिए कुल्लू शहर में सड़कों, बिजली और पेयजल लाइनों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था, ढालपुर मैदान और देवी-देवताओं के अस्थायी स्थलों के सौंदर्यीकरण के कार्य सितंबर में ही पूरे होने चाहिए। दशहरा उत्सव के लिए जिले के देवी-देवताओं को आयोजन समिति की ओर से निमंत्रण पत्र भेजे जाएं। मेला स्थल पर व्यापारियों के लिए प्लाट आवंटन 25 सितंबर से शुरू होगा। दशहरा स्थल में पुलिस की मदद से सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रशांत सरकैक, विधायक किशोरी लाल सागर, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, रमेश शर्मा, गोपाल कृष्ण महंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा, उपमंडलाधिकारी मनाली सुरेंद्र ठाकुर, होमगार्ड के कमांडेंट निश्चिंत नेगी, सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी तथा जिला कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर मौजूद रहे।