हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया है। पहले चरण की काउंसलिंग 11 अगस्त से शुरू होगी। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. राजेंद्र गुलेरिया ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो रही है। बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) प्रवेश प्रक्रिया की काउंसलिंग सामान्य प्रवेश परीक्षा (कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) के आधार पर होगी। सामान्य प्रवेश परीक्षा के आधार पर बीटेक डायरेक्ट एंट्री की कुल सीटों की 50 फीसदी सीटें भरी जाएंगी, जबकि जेईई के आधार पर भरी जाने वाले 50 फीसदी सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा।
पात्र अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित डिटेल तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं। सामान्य प्रवेश परीक्षा के आधार पर खेल, बैकवर्ड एरिया और डिफेंस कोर्ट में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को 10 अगस्त को तकनीकी विवि परिसर दड़ूही में आना होगा। 11 और 12 अगस्त को विभिन्न आरक्षित श्रेणियों की काउंसलिंग प्रक्रिया होगी, 13 अगस्त को सामान्य वर्ग और ऑल इंडिया कोटा में सीटें लेने वालों की काउंसलिंग करवाई जाएगी।
होटल मैनेजमेंट संस्थान में दाखिला प्रक्रिया शुरू
वहीं, होटल मैनेजमेंट संस्थान आईएचएम हमीरपुर में वर्ष 2022-23 सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। होटल प्रबंधन संस्थान के विभाग अध्यक्ष पुनीत बंटा ने बताया कि प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के माध्यम से ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध करवाए जाते हैं। आईएचएम हमीरपुर में वर्ष 2022-23 सत्र में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। जो अभ्यर्थी पहले एनसीएचएम जेईई की परीक्षा देने में असमर्थ रहे हैं, वे बीएससी हॉस्पिटेलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री प्राप्त करने के लिए प्रवेश ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त जो अभ्यर्थी फूड एंड बेवरेज सर्विस में डिप्लोमा करना चाहते हैं, वो भी दाखिला ले सकते हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी भी स्ट्रीम से बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। दाखिला के लिए वेबसाइट www.ihmhamirpur.in विजिट करें।