हिमाचल कबड्डी लीग में अब क्रिकेट खिलाडियों की तरह कबड्डी के खिलाडियों की भी बोली लगेगी। इसके लिए हिमाचल कबड्डी संघ प्रदेश के 12 जिलों में खिलाडियों का चयन कर रहा है। मौजूदा समय चंबा जिला में खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। इससे पहले संघ मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर में भी यह ट्रायल करवा चुका है। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संघ हिमाचल कबड्डी लीग की तिथि को निर्धारित करेगा। रविवार को पुलिस मैदान बारगाह में ट्रायल हुए।
इससे पहले शनिवार को लड़कियों का ट्रायल हुआ। इसमें 16 लड़कियों ने ट्रायल में भाग लिया। जबकि लड़कों में ट्रायल देने वालों की संख्या 35 रही। इनकी लीग के दौरान बोली लगाई जाएगी। हिमाचल कबड्डी लीग के हेड मनप्रीत सिंह ने बताया कि हिमाचल में कबड्डी खेल से काफी खिलाड़ी जुड़े हुए हैं। संघ के उपप्रधान और जिला कबड्डी कोच मोहम्मद रफी ने बताया कि लड़कों और लड़कियों का ट्रायल हो चुका है। अब खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।