बारिश के बीच हुई टारिंग पर उठे थे सवाल अब ठेकेदार दोबारा करवाएगा सड़क का मरम्मत कार्य अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राष्ट्रीय राजमार्ग पर छराबड़ा से फागू तक की गई टारिंग कई जगह से उखड़ने के मामले में लोक निर्माण विभाग ने संबंधित ठेकेदार को दोबारा पैचवर्क करने के निर्देश दिए हैं। बारिश के बाद यहां टारिंग उखड़ने पर लोगों ने सवाल उठाए थे।
इस पर लोक निर्माण विभाग एनएच डिविजन ठियोग के अधिशासी अभियंता ने संज्ञान लेते हुए ठेकेदार को उखड़े पैच वर्क को दोबारा किए जाने के निर्देश दिए हैं। एनएन डिविजन के अधिशासी अभियंता अरविंद भारद्वाज ने बताया कि छराबड़ा से फागू तक के एनएच पर इन दिनों टारिंग करने का कार्य किया जा रहा है। बीते रोज तेज बारिश आने पर कुछ हिस्से में टारिंग उखड़ने की शिकायत मिली थी। उन्होंने मौके का निरीक्षण करवाने के बाद संबंधित ठेकेदार को उखड़े हुए हिस्से में दोबरा पैच वर्क करने को कहा है। उन्होंने कहा कि यहां ठंड के साथ एकाएक तेज बारिश आने से अंतिम पैच वर्क में टारिंग उखड़ी थी। इसे ठीक करवा दिया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होगा।