कॉल करने के बजाय दो युवक सीएम हेल्पलाइन कार्यालय ही पहुंच गए। दोनों युवक बाईपास स्थित पार्किंग में पहुंचकर पूछने लगे कि उनकी समस्याओें का समाधान किया जाएगा। जब हेल्पलाइन कार्यालय में इन युवकों को बताया गया कि यहां कॉल करने के बाद ही शिकायत को आगे अधिकारियों को कार्रवाई को भेजा जाता है और अगर उन्होंने भी कोई शिकायत फोन पर की है तो उसे भेज दिया गया है। इस पर वे वहां कर्मचारियों से बहस करने लगे।
यह घटना बुधवार की बताई जा रही है। दरअसल, इनमें एक युवक ने संजौली में सार्वजनिक पेयजल के लिए नल नहीं होने की समस्या उठाई तो दूसरे युवक ने बस स्टैंड शिमला में किसी समस्या पर बात की। युवक बाईपास स्थित बहुमंजिला पार्किंग की धरातल मंजिल में पहुंच गए, जहां सीएम हेल्पलाइन कार्यालय चल रहा है। वहां कॉल करने वाले स्टाफ से ही उलझने लग गए।
यह सूचना सीएम कार्यालय पहुंची तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आईटी प्रबंधक किशोर शर्मा ने स्थिति संभाली। वह इस बीच सीएम हेल्पलाइन कार्यालय के स्टाफ से संपर्क में रहे। स्टाफ ने दोनोें युवकों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया और फोन करने पर उनकी शिकायत को आगे अधिकारियों तक पहुंचाने की बात की।