मारपीट मामले का हवाला देकर उठाई बंदोबस्त करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। आईजीएमसी में हुए विवाद के बाद रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने अस्पतालों की ओपीडी और वार्डाें में पैनिक बटन लगाने और सुरक्षा बढ़ाने का मामला उठाया है। हाल ही में आईजीएमसी में हुए मारपीट मामले को ध्यान में रखते हुए आरडीए ने यह मांग उठाई है।
आईजीएमसी की प्रिंसिपल के साथ हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई है। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष और आरडीए अध्यक्ष मौजूद रहे। इसमें आरडीए अध्यक्ष ने आपातकालीन वार्डों और ओपीडी में पैनिक बटन की उपलब्धता सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं के प्रबंधन के लिए आपातकालीन सुरक्षा प्रतिक्रिया दल की तैनाती करने की मांग की है। आश्वासन दिया गया कि सभी विभागाध्यक्षों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा विश्लेषण की आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा। आरडीए आईजीएमसी शिमला के डॉक्टर राघव नरूला की बर्खास्तगी रद्द करने और इस मामले की दोबारा जांच के बाद उन्हें बहाल करने का भी इंतजार कर रही है। आरडीए ने मुख्यमंत्री की ओर से दोबारा इस मामले की जांच शुरू करने के फैसले का स्वागत भी किया है। आरडीए अब 17 जनवरी को बैठक करेगा।