फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज में मरीजों के भोजन में मिल रहे कीड़े

Tue, 16 Oct 2018 02:56 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नाहन (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन

अव्यवस्था और असुविधाओं को लेकर अमूमन सुर्खियों में रहने वाले नाहन मेडिकल कॉलेज में मरीजों को कीड़ों वाला खाना परोसा जा रहा है। अस्पताल में ही मरीजों की थालियों में कीड़े मिलने से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली कटघरे में खड़ी हो गई है।

विज्ञापन


सवाल उठ रहे हैं कि मरीजों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता की क्या मेडिकल कॉलेज प्रबंधन जांच नहीं करता। कीड़े निकलने का यह सिलसिला तीन-चार दिनों से जारी है। यह हाल तब है जब मरीज खाना परोसने वालों को पहले से शिकायत कर चुके हैं।

अब कॉलेज प्रबंधन को भी शिकायत की गई है। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच की जाएगी।कभी एक्सरे मशीन बंद तो कभी अल्ट्रासाउंड नहीं चलता। गायनी वार्ड में मरीजों की अक्सर लंबी लाइनें लग रही है।
विज्ञापन


कई दिनों तक महिलाओं को चेकअप के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। अब भोजन में कीड़े मिलने से मरीज अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो गए हैं। 

विज्ञापन

मरीजों की थालियों में कीड़े निकले

अपनी सेहत सुधारने के लिए अस्पताल में दाखिल कई मरीजों की थालियों में कीड़े निकले हैं। भोजन परोसने वालों को मरीजों ने इस बारे मौखिक तौर पर अवगत भी करवाया, लेकिन किसी तरह का सुधार नहीं हो पाया।

शनिवार रात को भी ऑर्थो वार्ड में एक महिला की थाली में कीड़े निकले। जिसके बाद वहां मौजूद तीमारदार और मरीज एकत्रित हुए। भोजन परोसने वाले को भी इस बारे अवगत करवाया गया। लेकिन, कोई बात नहीं बनी।

जिसके बाद मरीजों ने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को मामले से अवगत करवाया है। सतौन निवासी शमशेर गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में दाखिल है। दो-तीन दिनों से वार्ड में परोसे जा रहे खाने में कीड़े निकल रहे हैं। रमेश कुमार ने बताया कि उनकी थाली में भी कीड़ा निकला था।

शनिवार को कीड़ा निकलने के बाद उन्होंने भोजन परोसने वालों को अवगत करवाया। उन्होंने कल से व्यवस्था में सुधार की बात कही। लेकिन, रविवार को फिर एक मरीज की थाली में कीड़े दिखे। सोमदत्त और दीपू ने बताया कि उनकी थालियों में भी कीड़े निकले।

क्या कहते हैं अधिकारी
नाहन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके पराशर ने बताया कि उन्हें मरीज से इस मामले की शिकायत मिली है। वह मेस का निरीक्षण कर मामले की जांच पड़ताल करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें